गाजीपुर। वित्तीय वर्ष एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन स्तर से ऑनलाइन आवेदन एवं सत्यापन के लिए निर्धारित समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
नवीनीकरण के विद्यार्थियों को 25 अगस्त तक मौका
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर तिवारी ने बताया कि नवीनीकरण श्रेणी के छात्र-छात्राएं 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, विद्यालयों द्वारा इन आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 11 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
नए विद्यार्थियों के लिए 21 सितंबर तक आवेदन
नवीन छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। नवीन आवेदनों का विद्यालय स्तर से ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 13 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है।
विद्यालयों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद की समस्त शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया है कि छात्रवृत्ति से संबंधित सभी प्रक्रियात्मक कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से मिल सके।
इच्छुक छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित तिथियों के भीतर उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति प्रणाली की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रशासन की अपील है कि पात्र विद्यार्थी अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी भी तकनीकी अथवा अन्य कारण से छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न होना पड़े।

