गाजीपुर। जनपद में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए जर्जर परिषदीय विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 87 जर्जर विद्यालय भवनों का ध्वस्तीकरण पूरा कराया जा चुका है।

जनपद में कुल 196 जर्जर विद्यालय भवन चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 87 भवनों पर कार्रवाई पूरी होने के बाद अब शेष भवनों के ध्वस्तीकरण का काम भी युद्धस्तर पर जारी है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि ध्वस्तीकरण के दौरान छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को मौके पर लगातार निगरानी रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जर्जर और संभावित रूप से खतरनाक भवनों को हटाए जाने से विद्यालय परिसरों को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यालयों में कायाकल्प, अवस्थापना विकास और बेहतर शैक्षिक माहौल तैयार करने के कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

प्रशासन का संदेश साफ है—बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, जर्जर भवनों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।