गाजीपुर। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर फ्लैगशिप योजनाओं और आईजीआरएस की प्रगति को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभागवार प्रदर्शन की गहन समीक्षा की गई।

सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की खराब रैंकिंग को लेकर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में गाजीपुर को टॉप-10 जिलों में लाना सामूहिक लक्ष्य है। डाटा फीडिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में पंचायती राज, ग्रामीण विकास, जल निगम, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, कृषि, नगर विकास, विद्युत समेत अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति परखी गई। डीएम ने खराब प्रदर्शन वाले विभागों को कार्य में तेजी लाने और योजनाओं का डाटा समय से पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए।

आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि एक भी शिकायत डिफाल्टर नहीं होनी चाहिए। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर फीडबैक लेने पर भी जोर दिया गया।

राजस्व, पुलिस, विकास, चकबंदी और विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

“रैंकिंग सुधारिए, डाटा समय से अपडेट करिए और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करिए। गाजीपुर को टॉप-10 में लाना लक्ष्य है।”