गाजीपुर। मरीजों को शासन द्वारा निर्धारित निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा मेडिकल कॉलेज परिसर में सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग की व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज गाजीपुर के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि अस्पताल में आने वाले गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें बाहर से महंगी दवाएं खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े। साथ ही मेडिकल कॉलेज परिसर में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे अव्यवस्था और जाम की समस्या से राहत मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य से जनहित में दोनों मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इस दौरान प्राचार्य ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विषयों पर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन ने कहा कि संगठन आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। पत्रक सौंपने वालों में यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता के साथ बीएन तिवारी, विश्व बंधु कमांडर, उपेन्द्र यादव, सिंहासन, शशिकांत जायसवाल और अविनाश कुमार आदि उपस्थित रहे।


