गाजीपुर। नगर के वार्ड नंबर 8 स्थित बारह बंगला आईना कोठी मोहल्ले में गुरुवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। अजगर के निकलने की खबर आग की तरह पूरे मोहल्ले में फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मोहल्ला निवासी चंदन साहनी उर्फ चतुरी ने सबसे पहले अजगर को देखा। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए न केवल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी बल्कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर संबंधित अधिकारियों को भी भेजा, जिससे रेस्क्यू कार्य में तेजी लाई जा सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर नाले के किनारे झाड़ियों में काफी समय से छिपकर रह रहा था और बीच-बीच में दिखाई देता था, जिसके कारण स्थानीय लोगों में कई महीनों से भय का माहौल बना हुआ था।


सूचना मिलते ही चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद अजगर को पकड़ने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। संकरे स्थान और झाड़ियों के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा, लेकिन टीम ने सावधानी और कुशलता के साथ अजगर को सुरक्षित काबू में कर लिया।

अजगर के पकड़े जाने के बाद उसे वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया, जहां से उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। अजगर के रेस्क्यू की खबर मिलते ही मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि लंबे समय से अजगर के भय के कारण लोग सुबह-शाम नाले के आसपास जाने से बचते थे और बच्चों को अकेले बाहर नहीं निकलने दिया जाता था। लोगों ने प्रशासन और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए क्षेत्र में नियमित सफाई और झाड़ियों की कटाई कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटना के बाद पूरे इलाके में अजगर की चर्चा होती रही और लोगों ने इसे अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर भी साझा किया।