गाज़ीपुर। उत्‍तर प्रदेश के मिल्‍कीपुर विधानसभा और दिल्‍ली राज्‍य में भाजपा की प्रचंड जीत पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्‍होंने कहा कि मोदी-योगी की सरकार की कुशल नीतियों के कारण भाजपा को यह अभूतपूर्व जीत हासिल हुई है।

विशाल सिंह चंचल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद लगातार समाजवादी पार्टी का ग्राफ गिरता जा रहा है। पिछले उपचुनावों में भी सपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। मिल्‍कीपुर में भाजपा के प्रत्‍याशी ने समाजवादी पार्टी के प्रत्‍याशी को लगभग 60,000 मतों से हराया है, जो भाजपा की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।

इसके अलावा, दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल कर साबित किया है कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" की नीति पर जनता का भरोसा कायम है। उन्होंने कहा कि दिल्‍ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल के झूठ और भ्रष्टाचार के खिलाफ यह जनादेश दिया है और अब वो विकास चाहती है।

विशाल सिंह चंचल ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार दिल्ली का सर्वांगिण विकास करेगी और वहां की जनता को उनके अधिकार दिलवाएगी।