गाजीपुर। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन पर समाजवादी पार्टी के नवमनोनीत राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी चिंतामणि के जनपद में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
स्वागत से अभिभूत चिंतामणि ने कहा कि देश का लोकतंत्र, संविधान और संविधान के माध्यम से मिलने वाला आरक्षण खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की जगह अपने विचारों को थोपना चाहती है, जिसे समाजवादी पार्टी स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि पिछड़ों और दलितों के प्रति भाजपा की नीतियों को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है। उनके अनुसार लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे मुद्दे देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने महात्मा गांधी, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने के लिए संविधान की मूल भावना को सुरक्षित रखना आवश्यक है।
चिंतामणि ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे बुनियादी सवालों पर जनता का ध्यान केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक बयानबाजी की जाती है। उन्होंने सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और गरीबों की खुशहाली के लिए बाबा साहेब के संविधान की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर होने वाले हर हमले का राजनीतिक रूप से मुकाबला करेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, रामधारी यादव, सिकंदर कन्नौजिया, सुशील जायसवाल, रामधीरज शास्त्री, सहेन्द्र कन्नौजिया, आजाद कन्नौजिया, सदानंद कन्नौजिया, बब्बन मास्टर, हरिलाल कन्नौजिया, सुरेश कन्नौजिया, बीडी राम कन्नौजिया, संजय कन्नौजिया, हिमांशु कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं धोबी समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।

