गाजीपुर। गहमर क्षेत्र के लोगों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। गहमर रेलवे स्टेशन पर पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ हुआ। दोपहर 12:46 बजे सांसद नालंदा कौशलेन्द्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को पाटलिपुत्र के लिए रवाना किया। ट्रेन के ठहराव को लेकर गहमर सहित आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी स्टेशन पर मौजूद रहे।
इस अवसर पर सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के गहमर में ठहराव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि जदयू के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी की तत्परता और कर्मठ प्रयासों से इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव संभव हो पाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पाटलिपुत्र एक्सप्रेस इस क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
सांसद ने कहा कि यह ट्रेन जगतजननी मां कामाख्या के चरणों में समर्पित है। उन्होंने गहमर की वीर भूमि के सैनिकों, किसानों और समूचे क्षेत्र की जनता को जनता दल यूनाइटेड की ओर से नमन किया। साथ ही आश्वासन दिया कि जमानियां विधानसभा क्षेत्र की किसी भी समस्या को लेकर जदयू पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने भदौरा स्टेशन पर फास्ट पैसेंजर ट्रेन के ठहराव और प्लेटफॉर्म पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले लगाने की मांग रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखने की बात कही। वहीं जमानियां में ट्रेनों के ठहराव और आउटर से आउटर फुट ओवरब्रिज की मांग भी उठाई गई है।
सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने विंध्य एक्सप्रेसवे को लेकर किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि जदयू किसानों के साथ खड़ी है। जरूरत पड़ने पर किसानों की आवाज भारत सरकार तक पहुंचाने के लिए पार्टी पूरी ताकत से प्रयास करेगी।
प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने बताया कि बनारस में प्रस्तावित कार्यकर्ता सम्मेलन, जो पहले 25 अक्टूबर 2026 को होना था, अब 1 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र एक्सप्रेस की पहली हॉर्न जगतजननी मां कामाख्या को प्रणाम और दूसरी हॉर्न गहमर क्षेत्र के सैनिकों, किसानों और जनता को सलाम होगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक जमानियां सुनीता सिंह सहित जदयू पदाधिकारी, सैनिक संगठन, रेल ठहराव समिति के सदस्य तथा गहमर परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

