गाजीपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर गाजीपुर सदर ब्लॉक क्षेत्र में सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल देखने को मिली। गोडा के ग्राम प्रधान संजय कुमार बिंद ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गरीब, बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कपड़े, अंगवस्त्र का वितरण किया।
ग्राम प्रधान संजय कुमार बिंद ने अगस्ता, चिलार एवं रेवासा की वनवासी बस्तियों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों से मुलाकात की और उन्हें अंगवस्त्र व अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
संजय कुमार बिंद ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव समाजवादी विचारधारा के प्रखर स्तंभ थे। उन्होंने जीवनभर गरीबों, किसानों, नौजवानों, मजदूरों तथा शोषित-वंचित समाज की आवाज को मजबूती से उठाया। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के अधिकार और सम्मान के लिए उनका संघर्ष हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उन्हें याद करना ही नहीं, बल्कि उनके बताए रास्ते पर चलते हुए गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना भी है। इसी भावना के साथ वनवासी बस्तियों में वस्त्र वितरण का आयोजन किया गया।
इस सामाजिक पहल से जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। ग्राम प्रधान संजय कुमार बिंद ने भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों को जारी रखने की बात कही।

