दो युवक व एक महिला गिरफ्तार, 21,500 रुपये नकद, मोबाइल और बिना नंबर की अपाचे बरामद; एक आरोपी वांछित
बलिया। थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 9 लाख 70 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 21,500 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस ने वांछित घोषित किया है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को जलालपुर गांव निवासी वादी ने घर की अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 311/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से प्रकाश में आए राजा खान पुत्र राजू खान, निवासी आलम पट्टी, थाना कोतवाली, गाजीपुर को पुलिस टीम ने बलिया स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से स्वर्ण एवं सफेद धातु के जेवर, 19,500 रुपये नकद तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक राजा खान ने अपने साथी विष्णु कश्यप के साथ मिलकर 8 अगस्त को जलालपुर में बंद मकान में चोरी, 21 सितंबर को महाबीर कॉलोनी परिखरा में महिला से चेन छिनैती तथा 26 सितंबर को फेफना थाना क्षेत्र के भगवानपुर में घर का ताला तोड़कर चोरी करने की बात बताई।
पुलिस की पूछताछ में चोरी के जेवरों को गाजीपुर निवासी विशाल अग्रहरि उर्फ सुनील के पास बेचने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेखा देवी के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी, पायल, बिछिया और अन्य आभूषण बरामद किए। वहीं सोनार विशाल अग्रहरि उर्फ सुनील के पास से सोने का एक टुकड़ा, 2,000 रुपये और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार बरामदगी में तीन सोने की अंगूठियां, सोने की चेन, टूटा मंगलसूत्र, मांग टीका, नाक की कील, सोने का टुकड़ा, पायल, बिछिया, सोने की बाली समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 9.70 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार राजा खान, रेखा देवी और विशाल अग्रहरि उर्फ सुनील के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है, जबकि विष्णु कश्यप की तलाश जारी है।
संबंधित मुकदमे
- मु0अ0सं0 311/2026, थाना कोतवाली बलिया
- मु0अ0सं0 170/2026, थाना फेफना बलिया
- मु0अ0सं0 191/2026, थाना बांसडीहरोड बलिया
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक समरेन्द्र कुमार मिश्रा, श्याम प्रकाश मिश्रा, विनोद कुमार सरोज समेत कांस्टेबल घनश्याम यादव, आलोक कुमार शुक्ला, जयसिंह तथा महिला कांस्टेबल रानी मिश्रा और गरिमा सिंह शामिल रहीं।

