बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग; महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के अंतर्गत गाजीपुर पुलिस सक्रिय नजर आ रही है। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों को जागरूक किया।
पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। पुलिस की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मिशन शक्ति के उद्देश्यों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग
मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील इलाकों में भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
गाजीपुर पुलिस का यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, जागरूकता और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

