नवरात्रि पर महिला सशक्तिकरण की अनूठी पहल, प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक संभालकर दिया सुरक्षा और अनुशासन का संदेश
गाजीपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मिशन शक्ति 6.0 के तहत गाजीपुर में नारी शक्ति का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला एनसीसी कैडेट्स ने प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। इस पहल के जरिए महिलाओं की कार्यक्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. राकेश कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में मिश्रबाजार चौराहा, लंका मैदान तिराहा, रौजा चौराहा, सैनिक चौराहा और विशेश्वरगंज तिराहा सहित प्रमुख स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला एनसीसी कैडेट्स ने यातायात नियंत्रित किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक मनीष कुमार त्रिपाठी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की उपस्थिति रही।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, रेड लाइट एवं यातायात संकेतों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।
नारी शक्ति ने दिया आत्मनिर्भरता का संदेश
महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने अपनी जिम्मेदारी निभाकर यह संदेश दिया कि महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व करने और अपनी क्षमता साबित करने में सक्षम हैं। यह पहल ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और मिशन शक्ति के उद्देश्यों को भी मजबूती प्रदान करती है। महिला शक्ति को यातायात संभालते देख स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों ने इस पहल की सराहना की।

