सेवा ज्योति मशाल यात्रा का आयोजन
गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिला मुख्यालय पर भव्य सेवा ज्योति मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सभी मंडलों से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मोटरसाइकिल जुलूस के रूप में लंका मैदान पहुंचे।
लंका मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राष्ट्र के नाम संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना। संबोधन के उपरांत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री एवं घोसी के पूर्व विधायक विजय बहादुर राजभर, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय,प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय,डा संगीता बलवंत, अभिनव सिन्हा आदि ने दीप प्रज्वलित कर सेवा ज्योति मशाल पदयात्रा का शुभारंभ किया तथा पदयात्रा का नेतृत्व किया।
यह पदयात्रा लंका मैदान से प्रारंभ होकर बड़ी बाग चुंगी, तुलसी सागर, सिंचाई विभाग चौराहा, बंधवा एवं खजुरिया होते हुए पीरनगर चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रसेवा, जनसेवा एवं विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मुख्य अतिथि विजय बहादुर राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित तपस्या के 25 वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से निरंतर बिना थके और बिना रुके राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा को अपना जीवन-ध्येय बनाया है। आज उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए और इस विराट संकल्प की सिद्धि में देश के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
जिला प्रभारी अजीत चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे देश में सेवा संकल्प एवं समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से लेकर आज तक निरंतर राष्ट्रहित और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में गाजीपुर की सभी सातों विधानसभा सीटों पर कमल का परचम लहराकर भाजपा के विजय संकल्प को साकार करना है तथा विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूत करना है।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा से प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ता भी निरंतर सेवा, संगठन और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विजय बहादुर राजभर ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में अपने नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, सरिता अग्रवाल, अभिनव सिन्हा, डॉ. मुराहू राजभर, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, विजय मिश्रा, डॉ. राजकुमार गौतम, कालीचरण राजभर, भोनू सोनकर, सुभाष पासी, बृजेन्द्र राय, राजन सिंह, डॉ. प्रदीप पाठक, रामनरेश कुशवाहा, रामराज बनवासी, विनोद अग्रवाल, योगेंद्र सिंह, विष्णु प्रताप सिंह, अवधेश राजभर, संकठा प्रसाद मिश्र, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, शशांक राय, सुधाकर कुशवाहा, सरोज मिश्रा, पियूष राय, विश्व प्रकाश अकेला, सानन्द सिंह, जितेन्द्र नाथ पांडेय,साधना राय, कार्तिक गुप्ता, अच्छेलाल गुप्ता,अविनाश सिंह, अभिनव सिंह ‘छोटू’, गर्वजीत सिंह, वीरेन्द्र चौहान, प्रमोद राय, राजकुमार सिंह सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया।

