युवा और पहली बार मतदान करने वालों को मिलेगा मौका, उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान ने राजनीतिक दलों से व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की
गाजीपुर। निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) और 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को आयोजित होगा। अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से 15 अक्टूबर को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कार्यालय कक्ष में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया और आयोग के निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों विशेष अभियान दिवसों पर जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध रहेंगे।
मतदाता बनने के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने या छूटे हुए नाम को शामिल कराने के इच्छुक नागरिकों से अपील की गई है कि वे संबंधित बूथ पर अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचें। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र संख्या उपलब्ध है, तो उसे भी साथ ले जा सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
मतदाता सूची से संबंधित आवेदन भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन भी किया जा सकता है।
- फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए।
- फॉर्म-8: नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन तथा स्थान परिवर्तन के लिए।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करने और विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वालों को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर उपलब्ध कराना है।
अपील: यदि आपकी उम्र 18 वर्ष हो चुकी है और आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो 17 या 24 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करें और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें।

