गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्रद्धेय रामगोविन्द चौधरी के निधन पर रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय समता भवन, गाजीपुर में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित सभा में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और समाजवादी आंदोलन में योगदान को याद किया।

शोक सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि रामगोविन्द चौधरी समाजवादी आंदोलन के अग्रणी और सिद्धांतनिष्ठ नेताओं में शामिल थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सादगी, ईमानदारी, राजनीतिक शुचिता और जनसेवा के मूल्यों को हमेशा प्राथमिकता दी। गरीबों, शोषितों, वंचितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष सदैव उल्लेखनीय रहा।

उन्होंने कहा कि चौधरी जी ने किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और गरीबों के हितों की आवाज लगातार बुलंद की। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ उठाया। उनका जीवन समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि रामगोविन्द चौधरी का निधन समाजवादी पार्टी और समाजवादी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके विचार, संघर्ष और जनसेवा की विरासत आने वाली पीढ़ियों तथा समाजवादी कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रेरणा देती रहेगी।

सभा के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, रामशीष, हीरा बिन्द, माखन सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।