गाजीपुर में गूंजी शिक्षा की अलख, 17 शैक्षणिक क्षेत्रों में निकली विशाल प्रभात फेरी

गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस 08 सितंबर 2026 के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित साक्षरता पखवाड़ा के तहत मंगलवार को जनपद के सभी 16 विकास खंडों एवं नगर क्षेत्र सहित कुल 17 शैक्षणिक क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन और खंड शिक्षा अधिकारियों की देखरेख में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक विशाल प्रभात फेरी निकाली।

प्रभात फेरी में बच्चों के हाथों में शिक्षा की महत्ता दर्शाती तख्तियां और बैनर नजर आए। ‘आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’, ‘घर-घर विद्या दीप जलाओ, अपने बच्चे को पढ़ाओ’ और ‘पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया’ जैसे नारों से गांवों और कस्बों का वातावरण शिक्षा के संदेश से गूंज उठा। बच्चों ने ग्रामीणों एवं अभिभावकों को बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति और शिक्षा से जुड़ाव के लिए प्रेरित किया।

प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से शुरू होकर ग्राम पंचायतों के प्रमुख मार्गों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजरी। इसमें ग्राम प्रधानों, अभिभावकों तथा विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अभियान के माध्यम से नवभारत साक्षरता कार्यक्रम ‘उल्लास’ और निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज से निरक्षरता को समाप्त करने का संदेश दिया गया।

इस दौरान संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करता है। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ निःशुल्क यूनिफॉर्म, पाठ्य-पुस्तकें और मध्याह्न भोजन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्रामवासियों एवं अभिभावकों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाने और हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की शपथ दिलाई गई। पूरे अभियान ने शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ यह संदेश दिया कि साक्षर और शिक्षित गाजीपुर ही सशक्त गाजीपुर की पहचान बनेगा।