गाजीपुर। प्रदेश स्तरीय संघ समन्वय जूनियर बालक/बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए जनपद स्तर पर खिलाड़ियों के चयन एवं ट्रायल की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 19 सितंबर 2026 तक जनपद उन्नाव में किया जाएगा।

जिला खेल कार्यालय गाजीपुर की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 10 सितंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरा बाजार, गाजीपुर के प्रांगण में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी प्रातः 9:30 बजे तक अपनी प्रविष्टि दर्ज करा सकते हैं।

चयनित खिलाड़ियों को इसके बाद 12 सितंबर 2026 को प्रातः 9:00 बजे डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा, वाराणसी मंडल में प्रतिभाग करना होगा।

जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड की छायाप्रति एवं नगर निगम द्वारा प्रदत्त जन्म प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। चयन/ट्रायल में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

जिला खेल कार्यालय ने इच्छुक जूनियर बालक एवं बालिका खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है। प्रतियोगिता युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर प्रदेश स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।