गाजीपुर। प्रदेश में बढ़ते स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए गाजीपुर का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर जिले में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं और जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क कर दिया गया है।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देशित किया गया है कि गंभीर सांस की बीमारी से ग्रसित मरीजों का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर जांच एवं बेहतर उपचार के लिए मरीजों को महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज स्थित चिकित्सालय भेजा जाएगा। यहां स्वाइन फ्लू से संबंधित जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड भी तैयार कर लिया गया है।

आशा और स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष निगरानी के निर्देश

जिले में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करते हुए सभी क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों वाले तथा गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए संदर्भित करें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खांसी-छींक के जरिए फैलता है संक्रमण

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू का संक्रमण संक्रमित व्यक्ति की खांसी, छींक और श्वसन से निकलने वाली बूंदों के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकता है। इसलिए संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

ये हैं प्रमुख लक्षण

स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में बुखार, नाक बहना, खांसी, गले में खराश, सिर दर्द, बदन दर्द, ठंड लगना और आंखों में लालिमा आदि शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतते हुए चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

हाथ मिलाने और आंख-मुंह छूने से बचें

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। संक्रमित पदार्थों अथवा वस्तुओं को छूने से बचने तथा हाथ मिलाने से परहेज करने को कहा गया है। लोगों को साबुन से बार-बार अच्छी तरह हाथ धोने और किसी वस्तु को छूने के बाद बिना हाथ धोए मुंह और आंखों को न छूने की सलाह दी गई है।

पांच मरीजों के संपर्क में आए लोगों की हुई कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि अब तक सूचित 05 मरीजों के संपर्क में आए व्यक्तियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा चुकी है। राहत की बात यह है कि संपर्क में आए किसी भी व्यक्ति में अभी तक स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं पाए गए हैं। सभी मरीजों का नियमित फॉलोअप किया जा रहा है तथा उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और चिकित्सकीय सलाह लें। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में बीमारी की रोकथाम और मरीजों के उपचार को लेकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गई हैं।