क्षेत्रीय प्रभारी रमेश सिंह ने अपने गृह जनपद गोरखपुर जाते समय जंगीपुर विधानसभा के पलहीपुर बूथ समिति की बैठक में भाग लिया और कार्यकर्ताओं से किया संवाद

गाजीपुर। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह आज मंगलवार को अपने एक दिवसीय औपचारिक परिचयात्मक कार्यक्रम एवं भाजपा जिला कार्यालय, छावनी लाइन पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में आयोजित अभिनंदन समारोह में शामिल होने जिला कार्यालय छावनी लाइन पहुंचे। जहां भाजपा पदाधिकारियों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रभारी रमेश सिंह ने गाजीपुर की शहीदों की धरती को नमन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के दो महान मनीषी पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी त्याग, बलिदान एवं सिद्धांतों के प्रतिमूर्ति हैं। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जिस विचार एवं सिद्धांत को जीवन में आत्मसात किया, वहीं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने त्याग और बलिदान की पराकाष्ठा प्रस्तुत की। इन दोनों महान विभूतियों ने हमें ऐसी वैचारिक एवं संगठनात्मक विरासत प्रदान की है, जिसके आधार पर हम सभी राष्ट्रहित में एक साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गाजीपुर के सांसद रहे मनोज सिन्हा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गाजीपुर को ऐसा विकास दिया, जिसकी कभी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने जनपद में ऐसे संसाधन एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं, जो गाजीपुर के विकास में मील का पत्थर हैं। उन्होंने कहा कि इतना कुछ किए जाने के बावजूद यदि हम जिले से सांसद अथवा विधायक निर्वाचित नहीं करा पाए तो यह जनपदवासियों की सबसे बड़ी चूक है।

श्री सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से “तेरा वैभव अमर रहे मां” की भावना को आत्मसात कर राष्ट्र के विकास, सम्मान एवं गौरव के लिए कार्य करता है। अपने अभिनंदन से अभिभूत क्षेत्रीय प्रभारी ने कहा कि पूर्व जन्म में किए गए अच्छे कर्मों के फलस्वरूप हम सबको भारत जैसे महान देश में जन्म मिला। उससे भी अच्छे कर्म किए तो सनातन संस्कृति में जन्म लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और उससे भी अच्छा कर्म किया तो भारतीय जनता पार्टी जैसे राष्ट्रवादी संगठन में कार्य करने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि हम उस महान परंपरा के पोषक हैं, जिसने राष्ट्र एवं सभ्यता की रक्षा के लिए सत्ता से समझौता नहीं किया। भाजपा की विचारधारा और सिद्धांतों की रक्षा के लिए पार्टी ने चार-चार सरकारों का बलिदान स्वीकार किया और केंद्र की एक वोट से सरकार गिरने दी, लेकिन कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

उन्होंने कहा कि आज किया गया हमारा अभिनंदन अभी अधूरा है। जिस दिन आगामी विधानसभा चुनाव में हम गाजीपुर की सातों विधानसभा सीटों पर विजय प्राप्त करेंगे, उसी दिन यह अभिनंदन पूर्ण माना जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के सर्वश्रेष्ठ, ऊर्जावान एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर यह लक्ष्य कतई असंभव नहीं है।

जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने क्षेत्रीय प्रभारी का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर माल्यार्पण किया। उन्होंने जिले की भौगोलिक एवं राजनीतिक संरचना की जानकारी देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सातों सीटों पर भाजपा की विजय का भरोसा दिलाया।

जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी ने सभी के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया।

इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में वाराणसी की सीमा सिधौना से सैदपुर, पियरी, देवकली, नंदगंज, महाराजगंज सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अभिनंदन समारोह में नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों भानु प्रताप सिंह (क्षेत्रीय उपाध्यक्ष), राजेश राजभर एवं डॉ. विजय यादव (क्षेत्रीय मंत्री) तथा अजय उपाध्याय (क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य) का भी माल्यार्पण कर पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, बृजेंद्र राय, अभिनव सिन्हा,पूर्व विधायक भोनू सोनकर, राजकुमार गौतम, सुनीता सिंह, सरिता अग्रवाल, प्रवीण सिंह, रामनरेश कुशवाहा ,रामराज बनवासी, रमेश सिंह पप्पू,दयाशंकर पांडेय, सुधाकर कुशवाहा, राजेश सोनकर, अवधेश राजभर, विष्णु प्रताप सिंह, संकठा प्रसाद मिश्र,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, अनिल राजभर, विश्व प्रकाश अकेला, अखिलेश सिंह, साधना राय,किरन सिंह, सुमन बिंद,अविनाश सिंह, अभिनव सिंह, सुरेश बिंद, दिलीप गुप्ता, गर्वजीत सिंह, शनि चौरसिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।