गाजीपुर। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिला गंगा समिति, गाजीपुर की ओर से सैदपुर स्थित बराह जी मंदिर गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और स्थानीय प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए गंगा घाट की साफ-सफाई की और स्वच्छता एवं गंगा संरक्षण का संदेश दिया।
जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वच्छता व्यवहार को अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा जल निकायों एवं गंगा नदी के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसके बाद 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान श्रमदान, स्वच्छता अभियान, स्वच्छता शपथ सहित विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों ने गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण की शपथ ली। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर गंगा घाट को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने लोगों को यह संदेश दिया कि गंगा और जलस्रोतों की स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर सामूहिक जिम्मेदारी बने।
इस अवसर पर रवि कांत नागर, मनीष, प्रदुम्न, बृजेश नागर, वकील निषाद, प्रवेश यादव, अजय, अभिषेक, रितेश, गोविंद, मनीष राजभर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

