गाजीपुर। रबी फसलों की तैयारी में जुटे किसानों के लिए कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि किसानों को तोरिया बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बीज बुकिंग की प्रक्रिया जारी है और पोर्टल वर्तमान में खुला हुआ है। किसान अपने विकासखंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर रबी फसलों के बीजों की बुकिंग करा सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि तोरिया की बुवाई के लिए वर्तमान समय उपयुक्त है। खेत जुताई योग्य होते ही किसान खेत की तैयारी कर तोरिया की बुवाई अविलंब कर लें। उन्होंने बताया कि तोरिया की फसल लगभग 90 से 95 दिनों में पककर तैयार हो जाती है और इसे नकदी फसल के रूप में अपनाकर किसान बेहतर मुनाफा प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि किसानों के लिए चना, मटर एवं मसूर के निःशुल्क बीज मिनीकिट तथा 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण के लिए सामान्य बिक्री की ऑनलाइन बुकिंग भी जारी है। इच्छुक किसान इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए कृषि विभाग के ऑनलाइन पोर्टल agriculture.up.gov.in पर जाकर बुकिंग कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते रबी फसलों के प्रमाणित बीजों की बुकिंग कर सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और बेहतर उत्पादन के लिए समय से फसल की बुवाई सुनिश्चित करें।

