गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जंगीपुर पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान 40 पेटी यानी 360 लीटर अवैध देशी शराब बरामद करते हुए एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष जंगीपुर ओमप्रकाश एवं उपनिरीक्षक पन्नेलाल यादव मय हमराह देवकठियां पुल के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अविनाश यादव (31 वर्ष), पुत्र वकील यादव, निवासी ग्राम हसनपुर, थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
360 लीटर शराब बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने 40 पेटी (360 लीटर) अवैध देशी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,44,000 आंकी गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा
पुलिस ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मु0अ0सं0 189/26, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत थाना जंगीपुर में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थानाध्यक्ष जंगीपुर ओमप्रकाश मय हमराह
उ0नि0 पन्नेलाल यादव मय हमराह
थाना जंगीपुर, जनपद गाजीपुर
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

