गाजीपुर, 04 सितंबर 2026। आंगनबाड़ी केंद्रों को अब विद्यालय परिसरों से जोड़ने की कवायद तेज कर दी गई है। शासन के निर्देशों के क्रम में विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग के बाद चिन्हित केंद्रों को प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालय परिसरों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को गति दी जा रही है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार, विद्यालय से 200 मीटर की परिधि में स्थित तथा गैर-विभागीय भवनों में संचालित चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में शिफ्ट किया जाना है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य 3 से 6 वर्ष के बच्चों को स्कूल के माहौल में बेहतर शैक्षणिक, खेलकूद एवं गतिविधि आधारित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे आगे की औपचारिक शिक्षा के लिए मजबूत आधार के साथ तैयार हो सकें।

बच्चों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए बच्चों के लिए सुरक्षित एवं निर्धारित स्थान अथवा कक्षा-कक्ष, बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय और खेलकूद के लिए उपयुक्त स्थान जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के हित में किए जाने की व्यवस्था होगी।

अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शासन की मंशा है कि इस पूरी प्रक्रिया को ‘मिशन मोड’ में पूरा किया जाए।

यह पहल आंगनबाड़ी से स्कूल तक बच्चों के संक्रमण को आसान बनाने के साथ-साथ प्रारंभिक बाल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।