गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी श्री आलोक प्रसाद ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बिरनो का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुल नामांकित छात्राओं के सापेक्ष 77 छात्राएं उपस्थित मिलीं।

सीडीओ ने कक्षाओं में पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं की उपस्थिति और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। छात्राओं की हौसला-अफजाई करते हुए उन्होंने उन्हें चॉकलेट भी वितरित की।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां संतोषजनक एवं व्यवस्थित पाई गईं। वहीं एमडीएम (मध्याह्न भोजन) की गुणवत्ता भी अच्छी मिली। सीडीओ ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि छात्राओं को लगातार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय परिसर में ओपन जिम स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद, व्यायाम और स्वस्थ वातावरण की सुविधाएं मिलना भी बेहद जरूरी है।

उन्होंने विद्यालय परिसर में छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्यालय की व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा सहित जिला समन्वयक बालिका शिक्षा उपस्थित रहे।