गाजीपुर, 22 अगस्त 2026। थाना करंडा परिसर में शनिवार को आयोजित थाना दिवस/समाधान दिवस में जिलाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने पहुंचकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। अधिकारियों ने फरियादियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को महज कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायती प्रार्थना पत्र का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में उच्चाधिकारी स्तर से कार्रवाई अपेक्षित हो, उनमें तत्काल रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारी को प्रेषित की जाए, ताकि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। समाधान दिवस में अधिकारियों की मौजूदगी से फरियादियों में अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर भरोसा देखने को मिला।

