गाजीपुर। नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अवस्थापना विकास निधि (कॉर्पस) से करीब 7 करोड़ 85 लाख 59 हजार रुपये की लागत से नगर क्षेत्र में सड़कों तथा नाला-नालियों के निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका परिषद गाजीपुर के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में वर्षा ऋतु के चलते निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। ऐसे में मौसम अनुकूल होते ही 1 अक्टूबर 2026 के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। निर्धारित कार्यों को तेजी से पूरा कर दिसंबर 2026 तक सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
बारिश के बाद सड़कों को मिलेगी नई मजबूती
वहीं, वर्षा को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा भी सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत का कार्य 1 अक्टूबर के बाद शुरू कराया जाएगा। विभाग की ओर से आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद बजट आवंटित होते ही संबंधित निर्माण कार्यों को गति दी जाएगी।
बारिश के बाद शहर से लेकर प्रमुख मार्गों तक विकास कार्यों का बड़ा अभियान शुरू होने की उम्मीद है। करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों से जर्जर सड़कों की तस्वीर बदलने के साथ ही जलनिकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
नगरवासियों को अब अक्टूबर के बाद विकास कार्यों की शुरुआत और दिसंबर तक सड़कों के निर्माण पूरा होने का इंतजार है।

