गाजीपुर। जनपद में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जमानियां क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी और संबंधित अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने पक्का बलुआ घाट का निरीक्षण कर बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ आने का इंतजार किए बिना राहत सामग्री, बचाव उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ते ही प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।
कटान प्रभावित सब्बलपुर कलां में भी पहुंचे डीएम
इसके बाद जिलाधिकारी ने सब्बलपुर कलां के कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ एवं कटान से प्रभावित होने वाले परिवारों के लिए पर्याप्त राहत सामग्री और नावों की व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए।
डीएम ने ग्राम प्रधान एवं स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की स्थिति और समस्याओं की जानकारी ली। बड़ी संख्या में पशुओं के प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए उन्होंने चारा-भूसा की पर्याप्त व्यवस्था भी समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर स्थिति पर प्रशासन की नजर
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ और कटान की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को बिना देरी के राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव में ई-खसरा की स्थिति की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक विवरण प्राप्त किया।
प्रशासन की ओर से बाढ़ से निपटने के लिए राहत सामग्री, नाव, पशुचारा और बचाव संसाधनों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आपदा की स्थिति में राहत कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी जमानियां, तहसीलदार जमानियां सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

