गाजीपुर। वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया की समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक चलेगी, जबकि नवीन विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अग्रसारण भी निर्धारित समय में किया जाएगा। नवीनीकरण आवेदन का सत्यापन 11 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक तथा नवीन आवेदनों का सत्यापन एवं अग्रसारण 13 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने जनपद की समस्त शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया है कि छात्रवृत्ति से संबंधित सभी प्रक्रियात्मक कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
छात्रों के लिए जरूरी तारीखें
नवीनीकरण आवेदन: 11 अगस्त–25 अगस्त 2026
नवीन आवेदन: 11 अगस्त–21 सितंबर 2026
नवीनीकरण सत्यापन: 11 अगस्त–30 अगस्त 2026
नवीन आवेदन सत्यापन/अग्रसारण: 13 अगस्त–15 अक्टूबर 2026
छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लिए UP Scholarship की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विद्यार्थियों से अपील है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा करें।

