गाजीपुर। सरकारी नौकरी के साथ खेल प्रतिभा दिखाने वाले महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय गाजीपुर की ओर से राज्य कर्मचारी महिला/पुरुष खिलाड़ियों के सिविल सर्विसेज जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स का आयोजन किया जा रहा है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद ने बताया कि चयन/ट्रायल्स 13 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोराबाजार, गाजीपुर के परिसर में आयोजित होंगे।
कौन ले सकता है हिस्सा?
जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स में विभिन्न खेलों के महिला एवं पुरुष सरकारी कर्मचारी खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। हालांकि, सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल्स में ऑटोनॉमस बॉडी जैसे परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी शामिल नहीं हो सकेंगे। इसी प्रकार अध्यापक एवं सहायक अध्यापक आदि भी इस चयन/ट्रायल्स में भाग नहीं लेंगे।
क्रीड़ा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल्स में केवल पूर्ण रूप से सरकारी कर्मचारी ही पात्र होंगे।
खिलाड़ियों को साथ लाने होंगे जरूरी दस्तावेज
जो महिला एवं पुरुष कर्मचारी खिलाड़ी जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स में प्रतिभाग करना चाहते हैं, उन्हें अपने विभाग से प्राप्त आदेश की प्रति, विभागीय आईडी तथा जन्मतिथि प्रमाण पत्र के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
खिलाड़ियों को 13 अगस्त को सुबह 10 बजे नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोराबाजार में पहुंचकर अपनी उपस्थिति जिला खेल कार्यालय गाजीपुर में दर्ज कराना सुनिश्चित करना होगा।
सरकारी नौकरी के साथ खेल प्रतिभा दिखाने का मौका
सिविल सर्विसेज खेल चयन/ट्रायल्स सरकारी विभागों में कार्यरत खिलाड़ियों के लिए अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। जिला खेल कार्यालय ने पात्र महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों से अपील की है कि वे समय से पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ चयन/ट्रायल्स में प्रतिभाग करें।

