भाजपा बिरनो मंडल की भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, शहीदों की प्रतिमाओं पर किया गया माल्यार्पण

बिरनो। देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे और वीर शहीदों के सम्मान में सोमवार को भाजपा बिरनो मंडल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जंगीपुर मंडी से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों बाइक सवार हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा जंगीपुर बाजार, थाना होते हुए फोरलेन पहुंची। इसके बाद यात्रा शेखपुर, डाड़ी होते हुए बिरनो थाना गेट पहुंची, जहां कारगिल शहीद कमलेश सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा जयरामपुर मोड़, बिरनो गांव होते हुए बिरनो ब्लॉक पहुंची। यहां शहीद निरंजन राजभर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को नमन किया गया। इसके बाद सभा के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।

‘तिरंगा हमारी एकता और अखंडता का प्रतीक’—कृष्ण बिहारी राय

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि तिरंगा केवल भारत की पहचान नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और वीरता का प्रतीक है। मातृभूमि की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा हमें अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, समर्पण और जिम्मेदारी का संकल्प दिलाती है। देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

नई पीढ़ी को शहीदों के बलिदान से जोड़ना उद्देश्य—ओमप्रकाश राय

भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, अस्मिता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मविश्वास और गौरव के साथ आगे बढ़ रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को देश के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से परिचित कराना है।

उन्होंने कहा कि जिन वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया, उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में अपना योगदान दें।

जयघोषों से गूंजता रहा पूरा क्षेत्र

तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और आमजन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराते तिरंगे, बाइक सवारों की कतार और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और अन्य राष्ट्रभक्ति के जयघोषों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

तिरंगा यात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, जिला महामंत्री अवधेश राजभर, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, संकठा प्रसाद मिश्र, सुधाकर कुशवाहा, राजेश चौहान, कुंवर रमेश सिंह पप्पू, अमित तिवारी चंचल, मंडल अध्यक्ष सुनील कुशवाहा, गोवर्धन बिंद, मन्नू राजभर, आलोक तिवारी पंकज, प्रमोद राय, विवेकानंद पाण्डेय, अभिमन्यु सिंह, चंद्रभान राजभर, विश्व प्रकाश अकेला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।