सिधौना। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर एवं सुविधासम्पन्न वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम पंचायत सिधौना में महत्वपूर्ण पहल की गई। सैदपुर तहसील के ग्राम पंचायत सिधौना स्थित पंचायत भवन में नवनिर्मित सुविधा सम्पन्न लाइब्रेरी का लोकार्पण भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया की मौजूदगी में फीता काटकर किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि सरकार छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और समर्पित होकर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी की स्थापना से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने लाइब्रेरी में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं पुस्तकों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सुविधाओं से सम्पन्न यह लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से इसका अधिकाधिक लाभ उठाते हुए नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, जिला कोषाध्यक्ष अच्छेलाल गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष विजय यादव, अमित सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

