गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।
अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों एवं उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
वहीं, एंटी रोमियो टीमों द्वारा भी समस्त थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर विशेष भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गाजीपुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर अभियान लगातार जारी है।


