गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिरनो पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान मीरपुर नहर पुलिया के पास से एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक सुनील कुमार शुक्ला व पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रांशु कुमार पुत्र अखिलेश कुमार, निवासी ग्राम नउआडीह मंसूरपुर, थाना मधुबन, जनपद मऊ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 01 अवैध .315 बोर तमंचा और 01 जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर थाना बिरनो में मुकदमा अपराध संख्या 176/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले से भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध थाना कोपागंज, जनपद मऊ में धारा 376(2)(n), 506 IPC एवं 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत वर्ष 2024 में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुनील कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक संतोष कुमार एवं थाना बिरनो पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

