गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शादियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बोलेरो बरामद करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा मय हमराह क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान परेवा नहर पुलिया के पास से मु0अ0सं0 280/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की सफेद रंग की महेन्द्रा बोलेरो वाहन संख्या UP61 BD 3804 बरामद की गई।

मौके से पुलिस ने राहुल दूबे उर्फ श्याम नरायन दूबे (करीब 30 वर्ष) पुत्र केदारनाथ दूबे, निवासी ग्राम करण्डा, थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

 पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध चोरी, बरामदगी तथा आर्म्स एक्ट सहित कुल 9 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें वर्ष 2013, 2017 और 2026 के विभिन्न मामले शामिल हैं।

विशेष रूप से वर्ष 2026 में थाना नन्दगंज में धारा 303(2) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हैं। शादियाबाद थाने में दर्ज वर्तमान मामले में चोरी की बोलेरो की बरामदगी के बाद कानूनी धाराओं में इजाफा किया गया।

 पुलिस टीम की कार्रवाई

गिरफ्तारी एवं बरामदगी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा मय हमराह, थाना शादियाबाद, जनपद गाजीपुर द्वारा की गई। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता मानी जा रही है।