गाजीपुर। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य-पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत बुधवार, 26 अगस्त 2026 को सैदपुर एवं बहरियाबाद क्षेत्र में छापेमारी एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई की गई।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) तथा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर.सी. पाण्डेय के निर्देश पर चलाए गए अभियान में खाद्य विभाग की टीम ने कुल 6 नमूने संग्रहित किए।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
सिधौना, सैदपुर स्थित राहुल कुमार के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना।
सिधौना बाजार, सैदपुर स्थित विराट यादव के पनीर विनिर्माण प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना।
सैदपुर-चन्दौली रोड पर अशरफ अली की डिलीवरी वैन से गन्ने के गुड़ का नमूना।
रायपुर बहरियाबाद स्थित मेसर्स प्रजापति इमरती एण्ड स्वीट हाउस से बूंदी के लड्डू का नमूना।
इसी प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का नमूना।
सिधौना बाजार स्थित मेसर्स धर्मेन्द्र छेना एवं पनीर उद्योग से छेना का नमूना।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
विभाग द्वारा संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छह सदस्यीय टीम ने संभाली कमान
नमूना संग्रह की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमर नाथ द्वारा की गई।
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

