गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भांवरकोल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गंगा नदी के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे 60 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। पशुओं को दो नावों में कथित रूप से क्रूरतापूर्वक लादकर वध के लिए चौसा, बिहार ले जाया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 2026 की रात थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त एवं चेकिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग दो नावों में गोवंशीय पशुओं को लादकर गंगा नदी के रास्ते चौसा, बिहार ले जा रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष भांवरकोल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विपिन कुमार सिंह एवं पुलिस टीम ने ग्राम शेरपुर घाट के पास गंगा नदी में कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों नावों को किनारे लाकर उनकी तलाशी ली, जिसमें कुल 60 गोवंशीय पशु बरामद हुए।
पुलिस टीम ने कथित गौ तस्करों का पीछा भी किया, लेकिन वे मौके से भागने में सफल रहे। मामले में थाना भांवरकोल में मु0अ0सं0 172/26, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
📌 बरामदगी
🚤 02 नाव
🐄 60 गोवंशीय पशु
👮 कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा एवं उ0नि0 विपिन कुमार सिंह मय हमराह पुलिसकर्मी, थाना भांवरकोल, जनपद गाजीपुर।
पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी चोट मानी जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

