गाजीपुर। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
अभियान के तहत रामपुर मांझा, गाजीपुर स्थित मेसर्स राधेश्याम अग्रहरि के विनिर्माण प्रतिष्ठान से बेसन लड्डू और मेवा लड्डू के एक-एक नमूने लिए गए। वहीं तिवारीपुर, मुहम्मदाबाद स्थित मेसर्स मीरा ट्रेडर्स से सोनपापड़ी का नमूना संग्रहित किया गया।
इसी क्रम में तिवारीपुर, मुहम्मदाबाद स्थित मेसर्स सौरभ डेयरी से पनीर तथा नवाब साहब का फाटक, पोस्ताघाट, गाजीपुर स्थित मेसर्स प्राकृतिक फ्रेश डेयरी से भी पनीर का नमूना लिया गया।
सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखने का संकेत दिया है।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ शामिल रहे।

