गाजीपुर में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, हजारों मामलों के त्वरित निस्तारण की तैयारी तेज

गाजीपुर। आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद गाजीपुर में व्यापक स्तर पर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर यह लोक अदालत जनपद न्यायालय गाजीपुर, वाह्य न्यायालय सैदपुर व मुहम्मदाबाद, ग्राम न्यायालय जखनियां व जमानियां के साथ-साथ विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में भी आयोजित होगी।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत शक्ति सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार, 25 अगस्त को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्रीमती नूतन द्विवेदी, सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड, मुख्य राजस्व अधिकारी, एसपीआरए, परिवहन विभाग, सम्मन सेल, स्वास्थ्य विभाग, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग तथा राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न श्रेणियों के मामलों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित कराने पर विशेष जोर रहेगा। इनमें उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक विवाद, धारा 138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम के मामले, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता फोरम, बाट-माप, कराधान तथा बिजली चोरी से संबंधित वाद प्रमुख हैं।

इसके अलावा मध्यस्थता एवं सुलह-समझौते के माध्यम से वैवाहिक विवादों का समाधान कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में अधिकारियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में पिछले आयोजनों की तुलना में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मुकदमों में उलझे लोगों को समय और धन की बचत के साथ शीघ्र न्याय मिल सके।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र मामलों को चिह्नित कर पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया जाए। सुलह-समझौते के जरिए विवादों का समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाना इस राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए तैयारियां अब तेज कर दी गई हैं। उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लंबित एवं समझौता योग्य मामलों का निस्तारण कर गाजीपुर के आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।