गाजीपुर। जनपद में औद्योगिक रोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उद्योग निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कानपुर के निर्देश पर अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति सब ट्राइबल प्लान योजना के अंतर्गत नव युवक-युवतियों को 4 माह का कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत ट्रेड बैंक टेलरिंग में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं की कार्यकुशलता एवं तकनीकी क्षमता को बढ़ाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग लोकेन्द्र कुमार ने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करें। आवेदन कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, गाजीपुर के माध्यम से निर्धारित वेबसाइट www.diupmsme.upsdc.gov.in पर किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठाकर प्रशिक्षण प्राप्त करें और अपने कौशल को निखारते हुए रोजगार की दिशा में आगे बढ़ें।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, गाजीपुर से संपर्क कर सकते हैं।

