गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा के निर्देशानुसार जनपद के परिषदीय विद्यालयों में रक्षाबंधन पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी क्रम में विकास खंड मरदह के प्राथमिक विद्यालय बहतुरा में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 1 से 5 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने रंग-बिरंगे कागज, धागों, मोतियों और अन्य सजावटी सामग्रियों का प्रयोग कर आकर्षक एवं मनमोहक राखियां तैयार कीं। नन्हे हाथों से बनी इन सुंदर राखियों ने विद्यालय परिसर में उत्सव का रंग और भी गहरा कर दिया।

प्रतियोगिता के बाद बच्चों ने एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधकर भाईचारे, प्रेम और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। शिक्षकों ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व की सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्ता से परिचित कराते हुए बताया कि यह पर्व केवल भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक ही नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सुरक्षा और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।

विद्यालय में आयोजित इस रचनात्मक गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी सृजनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर बच्चों में चॉकलेट का वितरण किया गया, जिससे उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय का पूरा वातावरण रक्षाबंधन की उमंग, स्नेह और उल्लास से सराबोर नजर आया।