गाजीपुर। राज्य व्यवसायिक प्रशिक्षण परिषद (SCVT), अलीगंज लखनऊ द्वारा प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026 के प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगी। खास बात यह है कि प्रवेश की प्रक्रिया अवकाश के दिनों में भी जारी रहेगी।
चयनित अभ्यर्थी अपना बुलावा पत्र एवं चयन परिणाम परिषद की वेबसाइट [SCVTUP की आधिकारिक वेबसाइट] पर जाकर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर प्राप्त कर सकते हैं।
दस्तावेजों के साथ पहुंचें संस्थान
प्रवेश लेने के लिए अभ्यर्थियों को चयन परिणाम/बुलावा पत्र का प्रिंट लेकर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर में उपस्थित होना होगा। साथ में निम्न दस्तावेज लाना अनिवार्य है
सभी मूल प्रमाण पत्र
सभी अंकपत्रों की प्रतियां
अंकपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां
दो पासपोर्ट साइज फोटो
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जाहुराबाद, तहसील कासिमाबाद, गाजीपुर में प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थी अपना प्रवेश राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, तुलसीपुर गाजीपुर में उपस्थित होकर ले सकते हैं।
अभ्यर्थियों से अपील है कि निर्धारित तिथि के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संस्थान पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

