गाजीपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर खेल निदेशालय के निर्देश एवं जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले विभिन्न खेल आयोजनों की श्रृंखला में जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार गाजीपुर के प्रांगण में संपन्न हुआ।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ अभियान के तहत इस वर्ष “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” की थीम पर 29 से 30 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाएगा। इसी क्रम में प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का जिला स्तर पर चयन किया गया।

प्रातः 10:30 बजे से आयोजित चयन/ट्रायल में कुल 50 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, दमखम और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। कड़े मुकाबले और प्रदर्शन के आधार पर 10 श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया, जो आगामी स्तर पर गाजीपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

चयन/ट्रायल के दौरान गाजीपुर कबड्डी एसोसिएशन के सचिव श्री अकरम अहमद, कबड्डी प्रशिक्षिका सुश्री अंजनी वर्मा, श्री अजय गुप्ता तथा क्रीड़ा अधिकारी श्री देवी प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन एवं देखरेख में चयन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

आयोजन ने जिले के युवा खिलाड़ियों में कबड्डी के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को और मजबूत किया। चयनित खिलाड़ियों से आगामी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर गाजीपुर का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई गई।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल न सिर्फ युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि “फिट इंडिया” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भी प्रभावी माध्यम बन रही है।