गाजीपुर, 07 मई 2025। थाना कोतवाली पुलिस टीम ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय नौसेना में भर्ती होने की कोशिश करने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने विरुद्ध दर्ज गंभीर अभियोग को छिपाने के लिए पुलिस अधीक्षक का फर्जी मोहर एवं हस्ताक्षर कर नकली चरित्र प्रमाण पत्र तैयार किया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियुक्त आदित्य सिंह पुत्र विनोद सिंह, निवासी ग्राम सीतापट्टी, थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर (उम्र 21 वर्ष) ने अपने विरुद्ध पंजीकृत मु0अ0सं0 302/25 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS को छिपाते हुए जालसाजी और धोखाधड़ी से आईएनएस चिल्का भारतीय नौसेना में भर्ती हेतु फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था। इस मामले में थाना कोतवाली पर दिनांक 01.05.2025 को अभियोग पंजीकृत किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान आज 07.05.2025 को थाना कोतवाली पुलिस टीम ने अभियुक्त को लंका बस स्टैंड, गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक इतिहास दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।