गाजीपुर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर शहर में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। शनिवार, 11 अक्टूबर को एसपी के नेतृत्व में शहर के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त और रूट मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
पैदल गश्त कोतवाली क्षेत्र के विशेश्वरगंज चौकी से शुरू होकर लंका, बस स्टैंड और स्टेशन रोड होते हुए मालगोदाम तक की गई। रूट मार्च के दौरान एसपी ने नवरात्र के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की तैनाती एवं सुरक्षा प्रबंधों को भी परखा गया।
एसपी विनय कुमार सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को 24 घंटे पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गश्त के दौरान एसपी ने आम नागरिकों, दुकानदारों और प्रबुद्धजनों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से नवरात्र का पर्व शांति, आपसी सौहार्द, भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस प्रशासन के इस रूट मार्च का उद्देश्य नवरात्र को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना रहा। रूट मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

