गाजीपुर।
जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बकैनिया मोड़ के पास दो कंटेनरों से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे कुल 152 भैंस एवं पड़वा बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कंटेनरों को सीज कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बकैनिया मोड़ के पास दो संदिग्ध कंटेनरों की जांच की गई। पुलिस का दावा है कि कंटेनरों में बड़ी संख्या में भैंस और पड़वा क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान कुल 152 पशुओं को बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से मोहम्मद फैज और मोहम्मद कैफ निवासी सिरसखेड़ा, मुरादाबाद; मोहम्मद मोईन और मोहम्मद सलमान निवासी बुडीना खुर्द, मुजफ्फरनगर तथा मोहम्मद बिलाल निवासी बरनावा, बागपत को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई में कंटेनर संख्या UP21CN3793 और UP17AT9522 को कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। आरोपियों की जामा तलाशी से कुल 6,500 रुपये नकद भी मिलने की बात पुलिस ने कही है। दोनों कंटेनरों को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी सेवराई में खड़ा कराया गया है, जबकि बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।

इस संबंध में थाना गहमर में मु0अ0सं0 221/2026, धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी कामाख्या उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव, उपनिरीक्षक कौशलेश कुमार शर्मा एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।