गाजीपुर। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान भाईचारा, साम्प्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाए जाएं और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए।
भ्रामक खबरों पर प्रशासन की कड़ी नजर
DM अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक खबर, फोटो या अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे शेयर करें। संदिग्ध या भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें, ताकि उसकी जांच कर समय रहते स्थिति स्पष्ट की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
जिलाधिकारी ने पूजा पंडालों को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडाल में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न हो तथा प्रवेश और निकास के पर्याप्त रास्ते रखे जाएं। सड़क के किनारे पंडाल न लगाए जाएं। पंडालों में रेत, पानी और CCTV कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के साथ संबंधित अधिकारियों को पहले से निरीक्षण कर व्यवस्था की जांच करने को कहा।
उन्होंने पंडालों में अश्लील गाने न बजाने तथा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
बैठक में नागरिकों ने सड़क और विद्युत संबंधी समस्याएं भी उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जर्जर तारों, खंभों और विद्युत आपूर्ति को दुरुस्त करने तथा विसर्जन मार्गों का विशेष निरीक्षण कर लटकते और जर्जर तारों को प्राथमिकता से ठीक कराने को कहा गया।
नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को त्योहार के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम रहेगी सक्रिय
त्योहारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। जिलाधिकारी ने बताया कि एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रहेगा तथा विभिन्न पूजा पंडालों पर महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्राधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों को पीस कमेटी के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों के साथ लगातार समन्वय बनाकर शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि./रा., अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/शहरी, समस्त क्षेत्राधिकारी, संबंधित अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

