गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जाँच (FLC) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में EVM एवं VVPAT की प्रथम स्तर की जाँच 12 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगी। पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित SOP के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि FLC के दौरान राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को मौके पर उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार Mock Poll में प्रतिभाग करने का अवसर भी दिया जाएगा। इससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को और मजबूती मिलेगी।

बैठक में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव को लेकर 9, 14 और 21 अक्टूबर 2026 को Randomization, 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियों की रवानगी, 23 अक्टूबर को मतदान तथा 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। मतगणना वाराणसी मंडल में निर्धारित है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने FLC प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि FLC से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित तिथि से पहले पूरी कर ली जाएं और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जाए।