गाजीपुर। वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो (हवाई प्रदर्शन) को लेकर गाजीपुर में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अंधऊ हवाई पट्टी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एयर शो के अंतर्गत अंधऊ हवाई पट्टी से भी विमानों के उड़ान भरने के दृष्टिगत अधिकारियों ने वहां की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान हवाई पट्टी परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और विमानों के संचालन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने तथा आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा सहित सभी जरूरी इंतजाम पूरी तरह दुरुस्त रहें।

वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले एयर शो को लेकर गाजीपुर प्रशासन भी सतर्क है। अंधऊ हवाई पट्टी पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।