तीन दिवसीय प्रशिक्षण में मोबाइल एप्लीकेशन, गणना प्रक्रिया और आवश्यक प्रपत्रों की दी गई विस्तृत जानकारी, अब प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे फील्ड ट्रेनर्स
गाजीपुर, 10 अक्टूबर 2026। जनगणना-2027 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर जनपद गाजीपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) के लिए चयनित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम दो बैचों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण समापन के अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी वेद सिंह चौहान ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और तकनीकी दक्षता का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी चरण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि जनगणना कार्य को व्यवस्थित, सटीक और सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, जनसंख्या गणना की कार्यप्रणाली, आवश्यक प्रपत्रों तथा अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक अभ्यास पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
प्रशासन का उद्देश्य प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से जनगणना से जुड़े कार्मिकों को दक्ष बनाना है, जिससे आगामी जनगणना कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, मास्टर ट्रेनर तथा प्रशिक्षणार्थी फील्ड ट्रेनर्स उपस्थित रहे।

