गाजीपुर, 08 अक्टूबर - मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद गाजीपुर के थाना नोनहरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चक कमरौरा, थाना-नोनहरा, तहसील मुहम्मदाबाद, गाजीपुर में भूमि विवाद से संबंधित प्रकरण में शिकायतकर्ता प्रमिला देवी द्वारा अपनी भूमि पर अवैध कब्जे के संबंध में शिकायत किए जाने पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जांच कर पूर्व में कब्जामुक्त कराये जाने की कार्रवाई की गई थी।
उक्त प्रकरण में पुनः शिकायत प्राप्त होने पर दिनांक 07.10.2026 को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए राजस्व एवं पुलिस टीम का विरोध किया गया। इस दौरान लगभग 20-30 व्यक्तियों की भीड़ द्वारा लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों एवं अन्य वस्तुओं से टीम पर हमला कर दिया गया। घटना में पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भेजा गया।
घटना के उपरांत विपक्षीगण द्वारा चार पहिया वाहन से मगई नदी की ओर भागने का प्रयास किया गया। उनके द्वारा मगई नदी के किनारे वाहन छोड़कर मौके से फरार होने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक व्यक्ति को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया। उक्त फरार व्यक्ति के संबंध में उसके परिजनों द्वारा उसके मगई नदी में डूबने की आशंका व्यक्त की गई है। उक्त आशंका के दृष्टिगत संबंधित व्यक्ति की तलाश स्थानीय गोताखोरों एवं एस.डी.आर.एफ. की टीम द्वारा की जा रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के संबंध में थाना नोनहरा पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की सुसंगत धाराओं एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटना की लगातार निगरानी कर रहे हैं। क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।

